23 June, 2025
विश्व निवेश रिपोर्ट 2025
Fri 20 Jun, 2025
संदर्भ :
- संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (UNCTAD) ने वैश्विक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के रुझानों, चुनौतियों और नीतिगत सुझावों पर केंद्रित विश्व निवेश रिपोर्ट 2025 जारी की है।
मुख्य बिन्दु :
- वैश्विक FDI के रुझान
- 2024 में वैश्विक FDI में 11% की गिरावट दर्ज की गई, जो लगातार दूसरा वर्ष है जब FDI में गिरावट आई है। यह उत्पादक पूंजी प्रवाह में मंदी को दर्शाता है।
- कुल FDI प्रवाह $1.5 ट्रिलियन रहा, जिसमें वृद्धि मुख्यतः यूरोप के माध्यम से हुए अस्थिर वित्तीय प्रवाह के कारण थी, न कि वास्तविक निवेश के कारण
- विकसित देशों, विशेषकर यूरोप में निवेश में तेज गिरावट आई, जबकि विकासशील देशों में निवेश स्थिर रहा, लेकिन बुनियादी ढांचा, ऊर्जा, तकनीक और रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में पूंजी प्रवाह ठहराव या गिरावट पर है।
भारत-विशिष्ट संदर्भ:
FDI का भारत के विकास में घटता योगदान :
- भारत FDI प्रवाह के लिए देशों की वैश्विक रैंकिंग में एक पायदान ऊपर चढ़कर 2024 में 15वें स्थान पर पहुंच गया है।
- 2024 में भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्रवाह कुल पूंजी निर्माण का केवल 2.3% रहा, जबकि 2020 में यह 8.8% था।
- FDI स्टॉक (संचित विदेशी निवेश) 2024 में भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का 14% था, जो 2020 में 17.9% था।
- यह आंकड़े दर्शाते हैं कि भारत के आर्थिक विकास में FDI की सापेक्ष भूमिका लगातार घट रही है।
FDI प्रवाह में गिरावट :
- 2024 में भारत ने $27.6 अरब का FDI आकर्षित किया, जो 2023 की तुलना में 1.8% कम है और 2020 की तुलना में यह राशि आधे से भी कम है।
- हालांकि, FDI प्रवाह में यह गिरावट भारत की समग्र पूंजी निर्माण क्षमता को कमजोर नहीं कर पाई, क्योंकि अन्य घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्रोतों से पूंजी निवेश मजबूत रहा।
विनिर्माण और ग्रीनफील्ड निवेश में मजबूती :
- भारत और अमेरिका ने विनिर्माण परियोजनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि देखी। भारत में सेमीकंडक्टर और बुनियादी धातु परियोजनाओं ने इस वृद्धि में विशेष योगदान दिया।
- ग्रीनफील्ड परियोजनाओं के पूंजीगत व्यय में भारत का अनुमानित खर्च एक चौथाई से अधिक बढ़कर $110 अरब हो गया, जो एशिया के कुल पूंजीगत व्यय का लगभग एक तिहाई है।
- भारत 2024 में दक्षिण एशिया में FDI का प्रमुख प्राप्तकर्ता रहा, जो क्षेत्र के कुल FDI प्रवाह का लगभग 80% है।
सीमा पार M&A में गिरावट :
- सीमा पार विलय और अधिग्रहण (M&A) गतिविधि में भारत और पूरे विकासशील एशिया में गिरावट आई। इसका मुख्य कारण चीन में सौदों के मूल्य में 49% की गिरावट था, साथ ही भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने भी गिरावट में योगदान दिया।
- उदाहरण के तौर पर, वॉल्ट डिज़नी ने भारत में अपने Star India के संचालन को Viacom18 के साथ $3 अरब के विलय के माध्यम से आंशिक रूप से बेचा, जिससे भारतीय स्वामित्व वाला संयुक्त उद्यम बना। इसी तरह, कई विदेशी स्वामित्व वाली दवा कंपनियाँ भी स्थानीय फर्मों को बेची गईं।
संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (UNCTAD) :
- पूरा नाम: United Nations Conference on Trade and Development
- हिंदी नाम: संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन
- स्थापना: 1964
- मुख्यालय: जिनेवा, स्विट्ज़रलैंड
- संगठन का प्रकार: संयुक्त राष्ट्र की एक स्थायी अंतर-सरकारी संस्था
- संबंधित निकाय: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA)
प्रमुख प्रकाशन:
- World Investment Report
- Trade and Development Report
- Technology and Innovation Report
- Commodities and Development Report