28 April, 2025
भारत-कनाडा कूटनीतिक खींचतान
Tue 19 Sep, 2023
सन्दर्भ:
- हाल ही में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के सिख नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के पीछे भारत सरकार का हाथ बताने के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव बढ़ गया है।
- फलस्वरूप पहले कनाडा सरकार ने भारत के राजनयिक पवन कुमार राय को निष्कासित किया तत्पश्चात भारत ने कनाडा के राजनयिकों द्वारा भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का हवाला देते हुए कनाडा के एक वरिष्ठ राजनयिक को निष्कासित कर दिया है।
पृष्ठभूमि:
- दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध 1947 में स्थापित हुआ था।
- 2015 में पीएम मोदी की कनाडा यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंध को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया गया था।
राजनीतिक सहयोग :
- भारत में कनाडा का प्रतिनिधित्त्व नई दिल्ली में कनाडा के उच्चायोग द्वारा किया जाता है।
- कनाडा में भारत का प्रतिनिधित्त्व ओटावा में एक उच्चायोग और टोरंटो तथा वैंकूवर में वाणिज्य दूतावासों द्वारा किया जाता है।
आर्थिक सहयोग :
- 2022 में भारत कनाडा का 10वां बड़ा व्यापारिक भागीदार था।
- कनाडा को भारत द्वारा 4.10 अरब डॉलर का सामान निर्यात किया गया था।
- वहीं कनाडा ने भारत को 2022-23 में 4.05 अरब डॉलर का सामान निर्यात किया था।
- कनाडा को होने वाले भारत के निर्यात में फार्मा, लौह एवं इस्पात, रसायन, रत्न एवं गहने, परमाणु रिएक्टर तथा बॉयलर शामिल हैं।
- कनाडा के पास यूरेनियम, प्राकृतिक गैस, तेल, कोयला, खनिज और जल विद्युत, खनन, नवीकरणीय ऊर्जा तथा परमाणु ऊर्जा में उन्नत प्रौद्योगिकियों के दुनिया के सबसे बड़े संसाधन हैं।
- कनाडा में भारतीय कंपनियाँ सूचना प्रौद्योगिकी, सॉफ्टवेयर, स्टील, प्राकृतिक संसाधनों और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में सक्रिय हैं।
प्रौद्योगिकी सहयोग:
- प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन 2017 के लिए कनाडा एक भागीदार देश था।
- आईसी-इम्पैक्ट्स कार्यक्रम के तहत जैव प्रौद्योगिकी विभाग स्वास्थ्य देखभाल, कृषि-जैव प्रौद्योगिकी और अपशिष्ट प्रबंधन में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं को लागू करता है।
- पृथ्वी विज्ञान विभाग और ध्रुवीय कनाडा ने शीत जलवायु (आर्कटिक) अध्ययन पर ज्ञान के आदान-प्रदान और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए एक कार्यक्रम शुरू किया है।
शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग :
- शास्त्री इंडो-कैनेडियन इंस्टीट्यूट (SICI) वर्ष 1968 से भारत और कनाडा के बीच शिक्षा एवं सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने वाला एक अनूठा द्वि-राष्ट्रीय संगठन है।
- अक्तूबर 2020 में कनाडा ने प्राचीन अन्नपूर्णा प्रतिमा के स्वैच्छिक प्रत्यावर्तन की घोषणा की,इस मूर्ति को भारत को सौंप दिया गया है और नवंबर 2021 में वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के अंदर स्थापित किया गया था।
कनाडा में भारतीय प्रवासी:
- वर्तमान में कनाडा में भारतीय मूल के लगभग 12 लाख लोग रहते हैं जो भारतीय डायस्पोरा के लिहाज से काफी महत्त्व रखते हैं।
भारत कनाडा सम्बंध में चुनौतियाँ:
- हाल दिल्ली में हुए जी20 सम्मेलन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जस्टिन ट्रूडो के बीच बैठक में भारत ने एक बयान जारी कर कहा था कि कनाडा में "भारत विरोधी गतिविधियों" को लेकर वह "काफी चिंतित" है।
- गौरतलब है कि कनाडा खालिस्तान समर्थकों का गढ़ है ।
आगे की राह :
- उपर्युक्त परिस्थिति में दोनों देशों के बीच संबंधों को सुधारने के लिए आपसी सहयोग और वार्ता पर बल देना चाहिए तथा विश्वास बहाली के उपाय को अपनाना चाहिए।
परीक्षा हेतु महत्वपूर्ण तथ्य
कनाडा
- राजधानी:ओटावा
- प्रधानमंत्री:जस्टिन ट्रूडो
- मुद्रा : डॉलर (CAD)
- क्षेत्रफल के हिसाब से (रूस के बाद) विश्व का दूसरा सबसे बड़ा देश।
- प्रमुख झील:ग्रेट बियर झील, ग्रेट स्लेव झील, विन्निपेग झील